हरदोई। संडीला रेलवे स्टेशन परिसर स्थित क्वार्टरों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से रेल कर्मियों को जलभराव और गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है। नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के बैनर तले सोमवार शाम रेल कर्मियों ने संडीला के आईओडब्ल्यू विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रेल कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया।
नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन बालामऊ शाखा अध्यक्ष सलील सौरभ श्रीवास्तव के निर्देशन में कर्मचारियों ने संडीला रेलवे स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया और आईओडब्ल्यू हरदोई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि क्वार्टर में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसके बाद भी संबंधित अधिकारी कार्य नहीं करवा रहे हैं। बारिश का पानी क्वार्टर परिसर में जमा होने के बाद उसकी निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। जलभराव के कारण बीमारी का खतरा बढ़ रहा है।
रेलवे कर्मियों को ड्यूटी करने के बाद परिवार की मूलभूत सुविधाओं की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक जिशान सिद्दीक को सौंपते हुए जलनिकासी समेत अन्य जरूरी कार्यों को पूरा कराने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान मुकेश, मुस्तफा अली, अमित श्रीवास्तव, साहेब शर्मा, विकास झा व लालाराम आदि मौजूद रहे।