फोटो 26: पाइपलाइन लीकेज से पिहानी नगर में बस स्टैंड पर भरा पानी व कीचड़। संवाद
फोटो 27: हाजिरा बेगम। संवाद
फोटो 28: एखलाक। संवाद
फोटो 29: मोहम्मद रजा रिजवी। संवाद
- लीकेज से बस स्टैंड पर भर रहा पानी, लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कत
- एक नलकूप से नहीं भर पा रही टंकी, एक तिहाई आबादी पानी के लिए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। नगर की एक तिहाई आबादी को चौथे दिन सोमवार को भी पाइपलाइन जलापूर्ति नहीं मिल पाई। इससे लोगो की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। बस स्टैंड पर नलकूप से टंकी तक गई पाइपलाइन का लीकेज चौथे दिन भी दुरुस्त नहीं हो सका। इससे पुरानी पानी टंकी से जुड़े मोहल्लों में पानी के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर में कोतवाली रोड स्थित नलकूप संख्या-2 से पुरानी पानी टंकी तक भूमिगत पाइपलाइन है। भूमिगत पाइपलाइन में बस स्टैंड के पास पिहानी-हरदोई मार्ग पर चार दिन पहले लीकेज हो गया। लीकेज से पानी मार्ग और फुटपाथ पर भर रहा है। लीकेज को ठीक करने के लिए शुक्रवार रात और शनिवार दो दिन तक चले काम के बाद जैसे ही रविवार शाम को पानी की टंकी को भरने के लिए नलकूप चलाया गया कि पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इससे टंकी को क्षमता और मांग के सापेक्ष नहीं भरा जा सका। जितना पानी भरा जा सका इसी से लोगों को जलापूर्ति की गई। सोमवार सुबह कहीं किसी को दस मिनट तो किसी को 20 मिनट ही जलापूर्ति मिल सकी।
-
बोले मोहल्लावासी
मोहला कोटकलां के मोहम्मद रजा रिजवी बताया कि रविवार शाम में दस मिनट और सोमवार को सुबह पंद्रह मिनट पानी ही आया। मोहल्ले में कई दिन से लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। कोई ध्यान देने वाला नहीं है।
-
हाजिरा बेगम ने बताया कि तीन चार दिन से चंद मिनट ही पानी दिया जा रहा है। गर्मी में पेयजल संकट से आम लोग परेशान हो रहे हैं। कोई खराबी है तो पालिका वैकल्पिक व्यवस्था करें।
-
मोहल्ला खुरमुली के एखलाक ने बताया कि मोहल्ले में कई रोज से पेयजल व्यवस्था बेपटरी है। भीषण गर्मी में अब तक न तो पाइपलाइन को दुरुस्त कराया जा सका है और न ही लोगों को जलापूर्ति के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था ही की गई है।
-
पाइपलाइन में लीकेज की जानकारी है। दुरुस्त कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन सफल नहीं रहा है। अब रात में काम कराने की रणनीति बनाई गई है। जल्द ही जलापूर्ति सुचारु की जाएगी।
- अश्वनी वाजपेयी, पेयजल प्रभारी