हरदोई। बारिश के कारण शहर के 220 केवीए मन्नापुरवा उपकेंद्र में पानी भर जाने से पूरे शहर सहित 12 विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हो गई। शहर का सांडी रोड व गुरगुज्जा उपकेंद्र पूरी रात बंद रहा। वहीं सिटी विद्युत उपकेंद्र, कोयल बाग की पूरे दिन बिजली गुल रही। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ गिरने से बिजली लाइन के क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित है। उपकेंद्रों में पानी भरने और बारिश के कारण मरम्मत कार्य भी नहीं हो पा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में रविवार को आपूर्ति सामान्य होने की संभावना है।
शहर के लखनऊ रोड पर 220 केवीए मन्नापुरवा उपकेंद्र संचालित है। इससे शहर के सिटी विद्युत उपकेंद्र, कोयल बाग, बेलाताली, सांडी रोड शहर, ग्रामीण, गुरगुज्जा, आरटीओ, मन्नापुरवा, सुरसा, बिलग्राम, सांडी विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति होती है। 220 उपकेंद्र पर बारिश के कारण जलभराव हो गया। परिसर में जलभराव होने के कारण शहर के सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र सहित ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति शुक्रवार रात से बंद हो गई थी।
शनिवार सुबह शहर का सिटी विद्युत उपकेंद्र, कोयल बाग, मन्नापुरवा, बेलाताली, आरटीओ की भी आपूर्ति बंद हो गई। सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू हो सकी। वहीं सिटी विद्युत उपकेंद्र को चरौली उपकेंद्र से जोड़ कर शाम साढ़े पांच बजे शुरू किया गया। इसके अलावा शहर के 33 केवीए आशा सहित सभी उपकेंद्रों के परिसर में जलभराव हो गया। इससे उपकेंद्र बंद हो गया।
बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित हुई आपूर्ति
शहर के कोयल बाग उपकेंद्र से जुड़े कचहरी रोड फीडर की बिजली लाइन पर पेड़ गिर गया। इसके अलावा बीएसए कार्यालय के निकट भी एक पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया। लाइन पर पेड़ गिरने के कारण कचहरी व पुलिस लाइन फीडर की आपूर्ति पूरे दिन ठप रही। वहीं पुलिस लाइन परिसर में घरों में पानी पहुंचने पर उपभोक्ताओं की शिकायत पर पुलिस लाइन की आपूर्ति बंद की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने 220 केवीए उपकेंद्र का किया निरीक्षण
220 केवीए मन्नापुरवा उपकेंद्र के परिसर में जलभराव होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने पर शनिवार की सुबह अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी वहां पहुंचे और अधिशासी अभियंता प्रेषण खंड मो. सउद से जानकारी ली। इसके बाद जिलाधिकारी राहुल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा भी 220 केवीए उपकेंद्र पहुंचे और बिजली आपूर्ति के विषय में जानकारी ली। अधिशासी अभियंता प्रेषण खंड मो. सउद ने बताया कि जलभराव होने से आपूर्ति में समस्या आ रही है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से समस्या है। उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था करने और सुरक्षा को देखते हुए आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बेहाल, कई क्षेत्र अंधेरे में
बघौली के कराही विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 100 से अधिक गांवों में पिछले करीब 40 घंटे से बिजली गुल है। बिजली न आने से लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
बिलग्राम नगर में शुक्रवार सुबह सात बजे से बिजली गुल है, जो 32 घंटे बाद भी शुरू नहीं हो सकी। अवर अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि लाइन में फॉल्ट है जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
बावन के विद्युत उपकेंद्र परिसर में पानी भरने से उपकेंद्र बंद है। इससे कस्बा और क्षेत्र में पिछले 43 घंटे से आपूर्ति बाधित है। उपकेंद्र से जुड़े चारों फीडरों से जुड़े 150 से अधिक गांवों के करीब 20,000 उपभोक्ता परेशान हैं।
हरियावां विद्युत केंद्र की आपूर्ति करीब 40 घंटे से ठप है। इससे केंद्र से जुड़े पांच फीडरों के करीब 100 गांवों में बिजली संकट बना हुआ है। 40 घंटे से बिजली न आने से ग्रामीणों को पेयजल एवं मोबाइल चार्जिंग के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
हरपालपुर के कटियारी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 30 घंटे ठप रही। पलिया विद्युत उपकेंद्र के आठ फीडरों से जुड़े 24,000 उपभोक्ता बिजली आपूर्ति न मिलने परेशान रहे।
शाहाबाद के आगमपुर बिजली केंद्र से नगर के पावर हाउस पर आने वाली लाइन पर पेड़ की टहनियां गिरने पर नगर की बिजली आपूर्ति पांच घंटे बाधित रही।
भरावन विद्युत उपकेंद्र जखवा से जुड़े क्षेत्र में 54 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है जबकि अतरौली में भी करीब 12 घंटे से बिजली नहीं आई। इससे 18 हजार उपभोक्ता परेशान हैं। एसडीओ राजीव ने बताया कि तेज बारिश और हवाओं के चलते सड़कों पर करीब 60 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं।
संडीला में बिजली उपकेंद्र में पानी भर जाने के कारण विद्युत आपूर्ति बंद है। रहमानखेड़ा, गदौरा, बहलोलपुर, रिठवा, माड़र, बेहंदर, बांगरमऊ रोड और संडीला ग्रामीण समेत अन्य फीडर बंद हैं। इससे एक लाख 30 हजार उपभोक्ता प्रभावित हैं। एसडीओ दिवाकर यादव ने बताया कि पावर हाउस में भरे पानी से परेशानी आ रही है।
मल्लावां में शुक्रवार शाम छह बजे गई बिजली शनिवार तीन बजे तक नहीं आई। बिजली न मिलने से लोगों को पानी की समस्या हुई। अवर अभियंता एहतिशाम अहमद ने बताया कि बारिश और हवा के चलते कई जगह लाइन टूट गई है। इससे आपूर्ति में समस्या हो रही है।
पिहानी में बिजली आपूर्ति पिछले 30 घंटे से बाधित है। दूसरे दिन भी आपूर्ति ठप रहने से लोग मोबाइल चार्जिंग तक के लिए परेशान रहे।
पाली में शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश के चलते शाम साढ़े सात बजे 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन हो गई। इस कारण पाली विद्युत उपकेंद्र के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे पूरी रात 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल रही। इससे 20,700 उपभोक्ता परेशान रहे। अवर अभियंता सुखपाल सिंह ने बताया कि बारिश के कारण समस्या आ रही है। फॉल्ट खोजकर जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।