संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शुक्रवार को बादल थमे रहे। तीन दिन तक लगातार हुई बारिश का पानी गलियों और घरों में भरा होने से मोहल्ला आजाद नगर के लोग परेशान रहे। बारिश रुकने के बाद से घरों से पानी को निकालने में लोग जुट गए।
वैसे तो शहर से सटा ही मोहल्ला है आजाद नगर, लेकिन यह हरदोई देहात ग्राम पंचायत में आता है। यहां पर विकास व निर्माण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है। यहां पर बारिश के पानी के निकास की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गलियों में ही नहीं, लोगों के घरों में भी पानी भर गया। अनियोजित बसे मोहल्ले में बड़ी संख्या में गलियों से निचले स्तर पर घरों की फर्श हो गई है।
ऐसे में जलनिकासी की भी समुचित व्यवस्था न होने से नालियों से निचली सतह वाले घरों में बारिश का पानी खूब भरा। तीन तक हुई बारिश में लोगों को घरों में भरे पानी को निकालने का मौका भी नहीं मिल पाया और न ही इसमें सफलता मिली।
शुक्रवार को बादल थमे और धूप निकली तो लोगों ने घरों में भरे पानी को निकालना शुरू किया। लोगों ने घर की निचली सतह का पानी निकालने के लिए बर्तनों और वाइपर का सहारा लिया। मोहल्लावासियों ने बताया कि घरों का पानी तो जैसे-तैसे निकाल दिया है। दीवारों और फर्श पर आई नमी से अब बदबू हो रही है और मच्छर पनपने लगे हैं।
पंचायत सचिव शिवओम त्रिपाठी ने बताया कि कार्ययोजना में गलियों को शामिल कर बनवाया जा रहा है। घरों को लोगों ने पहले से ही नीचा बना रखा है और यही वजह है कि घरों में पानी भर जाता है।