पाली (हरदोई)। पचदेवरा क्षेत्र के घसो गांव में एक्सप्रेसवे का निर्माण करा रही कंपनी के चौकीदार को कंपनी के ही एक चालक ने ग्राइंडर मशीन से टक्कर मार दी। घटना में चौकीदार की मौत हो गई।
पहले कंपनी के कर्मचारी मामले की लीपापोती करने की कोशिश करते रहे। मजदूरों के उग्र हो जाने की आशंका में घटना के तीन घंटे बाद पुलिस को जानकारी दी गई। राजस्थान के भरतपुर जनपद के झील थाना क्षेत्र के खिड़ली गड़सिया गांव निवासी जयवीर सिंह (50) एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रही कंपनी के घसो स्थित परिसर की चौकीदारी करते थे। उनके साथ गांव के ही रिश्ते के भतीजे दिगंबर सिंह भी काम करते हैं।
दिगंबर के मुताबिक जयवीर की मंगलवार रात में ड्यूटी थी। ड्यूटी पूरी करने बाद बुधवार सुबह जयवीर कंपनी परिसर के बाहर गेट पर चारपाई डालकर सो गए थे। इसी दौरान मथुरा निवासी ग्राइंडर मशीन का चालक वहां पहुंचा और ग्राइंडर मशीन से जयवीर सिंह को टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही जयवीर की मौत हो गई। इसकी जानकारी पर बड़ी संख्या में मजदूर एकत्र हो गए। सुबह पांच बजे हुई इस घटना की सूचना पचदेवरा पुलिस को आठ बजे दी गई।
तीन घंटे तक मामले की लीपापोती की कवायद कंपनी के कर्मचारी करते रहे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली भेजा। मृतक के परिवार में पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र है। पाली के प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।