मल्लावां क्षेत्र में 11 मार्च को चाकुओं से गोद कर
युवक की हत्या के मामले में नया खुलासा होते ही सभी सन्न रह गए। युवक की
हत्या पत्नी के प्रेमी ने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी
पत्नी समेत चार को धर दबोचा। घटना का खुलासा करने पर एसपी ने पुलिस टीम को
पांच हजार का इनाम घोषित किया है।
एएसपी पूर्वी बीसी दुबे ने शनिवार को
बताया कि 11 मार्च को मल्लावां क्षेत्र के गोवर्धनपुर निवासी मथुरा प्रसाद
का बेटा सुनील कुमार (35) मोहल्ले के ही साथी ज्ञान सिंह उर्फ कल्लू पुत्र
सुंदरलाल के साथ 11 मार्च की रात 9 बजे घर से खेत पर फसल की रखवाली को गया
था।
वह ट्यूबवेल की कोठरी में सो रहा था। इसी बीच हमलावरों ने धारदार
हथियार से हमलाकर गर्दन रेतकर शव ट्यूबवेल के कुएं में फेंक दिया था। इसी
बीच उसका साथी ज्ञान सिंह बचकर भाग गया था। मामले में मृतक के भाई अनिल
कुमार ने मोहल्ले की टीचर अनुराधा पुत्री धनीराम व दो अज्ञात पर रिपोर्ट
दर्ज कराई थी।
एसपी उमेश सिंह ने सीओ बिलग्राम विजय त्रिपाठी और कोतवाल
श्याम बहादुर सिंह को घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। एएसपी
पूर्वी ने बताया कि जब पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि मृतक सुनील की
पत्नी मंजू के लखीमपुर खीर के शहर कोतवाली के आफीसर्स कालोनी निवासी शुभम
शर्मा पुत्र उमेश शर्मा के साथ संबंध थे।
वह उसके घर आता जाता था। जिस पर
पुलिस ने जांच की और सर्विलांस की मदद से घटना को खोलते हुए आरोपियों को धर
दबोचा। बताया कि शुभम की फोन काल से मंजू से दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह
उसके घर आने जाने लगा। एक दिन सुनील को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई।
उसने शुभम् को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उससे करीब डेढ़ लाख रुपये ले
लिया। जनवरी में पैसे के लेन देन को लेकर दोनों में विवाद हुआ। जिस पर
सुनील ने शुभम् के घर आने पर पाबंदी लगा दी, जबकि शुभम से मंजू शादी करना
चाहती थी।
मंजू और शुभम् ने सुनील को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और
11 मार्च को शुभम् को फोन पर बुलाया और बताया कि सुनील खेत पर सोने गया
है। इसके बाद शुभम अपने साथी प्रदीप पुत्र रूपलाल निवासी बेगमगंज शिवपुरी
लखीमपुर खीरी और टानू उर्फ कुंवर सिंह पुत्र कृष्ण पाल सिह निवासी सिकठिया,
कोतवाली शहर लखीमपुर के साथ बाइक से आया और सुनील की हत्या कर शव ट्यूबवेल
के कुएं में डाला दिया।
पुलिस ने साजिश रचने वाली मंजू समेत चारो को धर
दबोचा। मंजू के एक तीन साल का बेटा भी है। मंजू की यह दूसरी शादी है।
आरोपियों की निशानदेही पर चाकू बरामद किया। बताया कि अनुराधा के विरुद्ध
पूर्व में हुए विवाद के कारण रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।