हरदोई। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण और विभागीय योजनाओं में लापरवाही पर डीएम ने नाराजगी जताई है। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सहित तीन अधिकारियों को चेतावनी दी है। कहा है कि गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निराकरण और योजनाओं में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करते हुए पोर्टल पर भरवाई जाएं।
डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने आईजीआरएस और सीएम डैश बोर्ड पर मुख्यमंत्री की फ्लैगशिप के कार्यक्रमों की समीक्षा में बेसिक शिक्षा, कृषि और सहकारिता विभाग की प्रगति असंतोषजनक पाई। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में पाया कि पीएम पोषण कार्यक्रम में विद्यालयों के निरीक्षण, निपुण एसेसमेंट टेस्ट में भी ई श्रेणी, आईजीआरएस में डी श्रेणी और पीएम पोषण स्कीम में सी श्रेणी है। बताया कि दो माह से श्रेणी में सुधार न होने पर बीएसए विजय प्रताप सिंह को चेतावनी दी गई है।
उन्होंने कृषि विभाग की समीक्षा में जनपद की लगातार दो माह से बी श्रेणी की रैंक होने से जनपद की छवि प्रभावित होने के साथ ही विभागीय कार्यक्रम भी पिछड़े हैं। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार साहू को चेतावनी जारी की गई है। बताया कि सहकारिता विभाग के कार्यक्रमों की सीएम डैश बोर्ड और आईजीआरएस पर सी श्रेणी प्रदर्शित होने पर सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त अखिलेश प्रताप सिंह को चेतावनी जारी की गई है।
योजना में ढिलाई पर प्रतिकूल प्रविष्टि
सामाजिक सहायता कार्यक्रम से जुड़ी पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना में सीएम डैश बोर्ड पर प्रगति डी श्रेणी में आ गई है। लगातार दो माह से डी श्रेणी विभाग के बने रहने पर डीएम ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विनीत कुमार तिवारी को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। कहा है कि शादी अनुदान योजना में शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की जाए।
विद्युत विभाग के एसई सहित दो से जवाब-तलब
डीएम ने आमजन से जुड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु न किए जाने और ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र में तय समय तक विद्युत आपूर्ति न दिए जाने और आईजीआरएस व सीएम डैश बोर्ड पर ई श्रेणी होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) रमेश कुमार और दिव्यांगजन से जुड़ी योजनाओं की कम प्रगति पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ऋचा गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।