हरदोई में दीवार गिरने से मरी जामिना की बहन और अन्य परिजन। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम धनेउरा में शुक्रवार दोपहर बारिश थमने के बाद पड़ोसी की दीवार ढहने से पिता-पुत्री मलबे में दब गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। परिजन दूसरी पुत्री की शादी की तैयारियों में लगे थे, इस बीच हादसे की खबर से कोहराम मच गया।
ग्राम धनेउरा निवासी गुलशेर (55) किसान था। उसकी छोटी पुत्री रोशनी की शादी 14 जुलाई को होनी है। शादी की तैयारियों के लिए बड़ी पुत्री जामिना (25) पति मजीर निवासी तिलकपुरवा थाना बघौली के साथ मायके आई थी।
शुक्रवार दोपहर गुलशेर खाना बनवाने के लिए तंदूर लेने गया था। वापस आने पर उसने तंदूर आंगन में रख दिया और पड़ोसी सियाराम की दीवार के सहारे बैठकर सुस्ताने लगा। इस दौरान पुत्री जामिना उसे पानी देने पहुंची। पानी पीते दोनों बात कर रहे थे।
इस बीच दोपहर दो बजे बारिश थमी तो सियाराम की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में गुलशेर और जामिना दब गए। चीख पुकार सुनकर परिजनों और ग्रामीणों ने मलबा हटाना शुरू किया।
लेकिन तब तक गुलशेर की सांसें थम गईं थीं। जामिना को गंभीर रूप से घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहां कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में चार पुत्रियां और दो पुत्र हैं।
आल और आसपास के लिए
पड़ोसी की दीवार ढहने से पिता-पुत्री की मौत
ग्राम धनेउरा में दीवार से सटकर पानी पीने के दौरान हादसा
छोटी पुत्री की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में मचा कोहराम