रबी की फसलों और किसानों की किस्मत पर पानी फेरने
वाली बरसात के बाद प्रदेश सरकार ने हरदोई को भी आपदाग्रस्त जिलों में शामिल
कर लिया है। जिसके बाद से किसानों की मदद को लेकर उम्मींदे बढ़ गई। यह अलग
बात है कि जिला प्रशासन के स्तर से अभी तक इस ओर हलचल नहीं है।
ऐसे में
मदद को लेकर किसानों को कब तक इंतजार करना पड़ेगा, यह आने वाले समय पर
निर्भर है। ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किए गए आपदाग्रस्त
जिलों में हरदोई का भी नाम शामिल करने की खबर गुरुवार को आने के बाद बड़ी
संख्या में लोग इसकी पुष्टि करने के लिए और आपदाग्रस्त घोषित हो जाने के
बाद मिलने वाली मदद एवं सुविधाओं की जानकारी के लिए इधर से उधर संपर्क में
जुटे रहे।
किसानों की मदद को लेकर टकटकी लग गई है। शासन से अभी तक इस ओर
जिले में गाइड लाइन न भेजे जाने से संबंधित अफसर भी कुछ कह नहीं पा रहे है।
प्रभारी अधिकारी दैवीय आपदा डा. अशोक शुक्ला कहते है कि इस ओर अभी जानकारी
नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि शासन स्तर से जो भी सुविधाएं एवं सेवाओं
के निर्देश मिलेंगे, उसके अनुसार किसानों के हितों के लिए हर स्तर पर
कार्य किया जाएगा। उधर, जिला प्रशासन अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं कर पा रहा
कि कितने किसानों को कितने रुपये बतौर मुआवजा दिया जाएगा।