हरियावां (हरदोई)। थाना क्षेत्र में वोट न देने पर एक युवक का मोबाइल टावर के अंदर बंधक बनाकर जमकर पीटा। इससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले में जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।
थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी गुड्डू अवस्थी (45) पुत्र शिव सागर को सात दिसंबर की शाम गांव निवासी बचनेश मिश्र ने टावर के अंदर बंधक बनाकर मारापीटा और बेहोशी की हालत में उसे बाहर फेंक दिया। घटना के बाद गुड्डू किसी प्रकार घर पहुंचा और आपबीती सुनाई।
मगर दबंग की धमकी के कारण परिवार के सदस्य मुंह नहीं खोल सके। उसकी हालत बिगड़ने पर शुक्रवार को गुड्डू के भाई बबलू अवस्थी ने थाने में तहरीर दी जिसमें बताया कि उनका भाई पूर्व ग्राम प्रधान रामऔतार के समर्थन में प्रचार प्रसार कर रहा था। सात दिसंबर को मतदान होने के बाद रामऔतार के पुत्र वचनेश ने उसे अपने मोबाइल टावर पर बुलाया और कहा कि तुम साथ रहे मगर तुम लोगों ने दूसरे प्रत्याशी पुनीत मिश्र को वोट दिया। इस बात को लेकर उसने उसको बंधक बना लिया और उसकी पिटाई कर दी।
इससे उसकी हालत खराब हो गई। उन्होंने बताया कि वचनेश के अलावा उसके भाई उमेश और रामऔतार ने भी उसके भाई को मारा पीटा। इससे उसकी हालत खराग हो गई। इस संबंध में एसओ हरियावां राजेश सिंह ने बताया कि वह बाहर है। सीओ हरियावां जितेंद्र गिरी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।