पिहानी। पंडरवा स्कूल के बूथ पर गांव की दिव्यांशी सिंह ने अपना पहला वोट डाला। दिव्यांशी का कहना था कि उन्होंने अपना वोट महिला सुरक्षा और विकास के मुद्दे पर डाला। वह भयमुक्त समाज चाहती हैं। क्षेत्र के सआदत नगर गांव में बड़ी संख्या में वोट कटने की शिकायतें मिलीं।
गांव के शशिकांत पांडेय, कुलदीप, अंकित, नीतू, सोनी मधुरानी, प्रियम, रितेश, राधा, विनीत, वर्षा, निर्मला, शानू व जफर मोहम्मद ने बताया कि उन समेत गांव में सैकड़ों लोगों के वोट कटे हैं, जबकि कई मृतकों के नाम वोटर लिस्ट में मौजूद हैं।
दोपहर में माझिया, पंडरवा किला, कुइयां, डर्रा, हरैया, उमरसेढ़ा और जहानीखेड़ा के बूथों पर सन्नाटा दिखा। वहीं दिव्यांगों और वृद्धों ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सेदारी की।
सआदतनगर में सैकड़ों वोट कटने और मृतकों के भी नाम सूची में होने से बीएलओ की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगे। सूची में नाम न होने पर मतदान से वंचित लोग देर तक बूथ के बाहर जमा रहे, जिन्हें हटाने के लिए पुलिस को कसरत करनी पड़ी।
जाजूपारा में दिनभर हिजाब वाली महिलाओं की कतारें नजर आईं। यही हाल कस्बे के कोटकलां, खुरमुली, मीरसराय और नागर के बूथों पर नजर आई। माझिया गांव स्थित बूथ के मुख्य द्वार पर सड़क के गड्ढों में जलभराव और कीचड़ के चलते मतदाताओं को आने जाने में खासी दिक्कतें हुईं।
कस्बे के जूनियर हाईस्कूल परिसर में बनाए गए सखी बूथ पर वोट डालने को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पालिका ने इसे पिंक बूथ का रूप देते हुए भव्य सजावट की। बूथ के बाहर सेल्फी स्टैंड पर मतदान करने के बाद सेल्फी भी बनवाई गई।
इसी तरह अब्दुल्लानगर के संजय गांधी इंटरमीडिएट कालेज में बने मतदान केंद्र को भी आदर्श बूथ बनाया गया था। यहां भव्य सजावट में फूल और गुब्बारे लगाकर आकर्ष द्वार बनाकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
मतदान केंद्र की दूरी से परेशान हुए वोटर
सांडी। कस्बे में तीन किमी का सफर तय करके तालेपुरवा, रवालेपुरवा व हुसेपुर के अलावा मोहल्ला सरामुल्लागंज के मतदाताओं ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला।
कस्बे में स्थिति जूहा किला पर ग्रामीण क्षेत्र के मतदान करने के लिए बूथ बनाया गया, जो ग्रामीण क्षेत्र के लिए तीन किमी दूर होने से तालेपुरवा, खाले पुरवा और हुसेपुर के लोगों को मतदान के लिए आना पड़ा।
कस्बे के मोहल्ला सरामुल्लागंज के मतदाताओं को नौशहरा स्थिति डेढ़ किमी पर वोट डालने के लिए जाना पड़ा। इस कारण भी मतदान कम हुआ।
मतदाता पर्चियां न पहुंचने से हुई परेशानी
संडीला। इस बार वोट डालने के लिए मतदाताओं को पर्चियां पहुंचाने के निर्देश चुनाव आयोग ने प्रशासन को दिए थे। स्थानीय प्रशासन ने काम बीएलओ को सौंपा था, लेकिन बीएलओ ने यह पर्चियां तहसील के वीआरसी सेंटर से ले लीं, पर अपने घरों में धरे रहे।
कुछ मतदाताओं को तो पहुंचा दी और ड्यूटी पूरी कर दी। कस्बे के मोहल्ला अशराफ टोला, चौपार टोला, उन्नाव रोड, मानस नगर, बस स्टैंड सहित कई मोहल्ले में पर्चियां नहीं पहुंची। गांवों की हालत तो और भी बदतर रही।
मतदाता पर्चियों के लिए भटकते दिखे। लोगों का कहना है बीएलओ ने पर्चियां अपने जानने वालों को दे दीं। पर्चियां संबंधित मतदाताओं को नहीं पहुंचाई। इस बात की शिकायत लोगों ने एसडीएम से भी पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग का आरोप
शाहाबाद। मतदान के दौरान सोशल मीडिया का भी जमकर दुरुपयोग किया गया। बसपा प्रत्याशी अहिवरन सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने फेसबुक पर पोस्ट डाली कि बसपा प्रत्याशी ने भाजपा को अपना समर्थन दे दिया है।
इससे मतदाता भ्रमित हुए और कार्यकर्ता भी निरुत्साहित हो गए। बसपा प्रत्याशी ने पुलिस अधीक्षक को भी अवगत करा दिया है।
कर्मियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट ने फटकारा
पचदेवरा। थाना क्षेत्र में सुबह से ही मतदान के लिए लंबी लाइनें लगी नजर आईं, लेकिन जैसे-जैसे धूप निकलती गई मतदान का प्रतिशत बढ़ता रहा। दोपहर ढाई बजे तक क्षेत्र में करीब 40 फीसदी के करीब मतदान हुआ।
कमालपुर के बूथ संख्या छह पर तैनात मतदान कर्मियों पर ग्रामीणों ने एक पार्टी विशेष को वोट देने की बात कहने का आरोप लगाकर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉ. सुरेंद्र प्रताप मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को फटकार लगाई।
अनंगपुर मतदान केंद्र पर बीएलओ की लापरवाही मतदाताओं के वोट सूची में न होने से बिना वोट डाले ही वापस लौट गए। क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर पर दोपहर के बाद दो बजे के बाद सन्नाटा पसरा रहा।
12 किमी पैदल चले, नाव से पार की नदी
सवायजपुर। सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरहुली के साईं गांव जो रामगंगा नदी से प्रभावित है। आधे वोटरों ने नदी के उस पार जाकर मतदान किया।
दो दर्जन से अधिक महिलाओं लक्ष्मी, श्यामवती, गीता, माधुरी, सुमन, रीता, शकुंतला और लक्ष्मी ने बच्चों को लेकर पैदल चलकर मतदान किया। कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान बहुत जरूरी है। वहीं पुरुष मतदाताओं ने नाव से पार जाकर मतदान किया।
दो कर्मियों की तबीयत हुई खराब
माधौगंज। शुक्लापुर भगत के प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 85 पर मतदान कर्मी संजय कुमार मिश्र और कर्मी भगवानदीन की अचानक तबीयत खराब हो गई। सूचना मिलते ही सीएचसी से डॉ. अरुण मोहन ने टीम के साथ उपचार किया।
पड़रा लखनपुर, ईकसई, गौरा, मुड़िया खेड़ा में 50 प्रतिशत मतदाता अपने मत का प्रयोग कर चुके थे।
ग्राम सेलापुर, नेवादा गब्भी, गौंतरा, सेउढई, कुरसठ बुजुर्ग, जूनियर हाईस्कूल कुरसठ में तीन बजे तक लगभग 53 प्रतिशत तक वोट डाले गए। नगर पंचायत कुरसठ में जूनियर हाईस्कूल केंद्र को आदर्श बूथ बनाया गया।