- राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत जुटाई जा रही सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत जिले के ऐसे गांव जिनमें अभी बिजली नहीं पहुंची है, उन्हें भी जल्द ही रोशन किया जाएगा। विद्युतीकरण से अछूते गांवों में बिजली पहुंचाने के लिए ऐसे गांवों की सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। विद्युत कर्मियों को ग्राम प्रधानों से सूचनाएं एकत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में तमाम ऐसे गांव हैं जहां अभी तक बिजली नहीं पहुंची है। ग्राम पंचायतों के मजरों में जहां 10 से 15 घर भी बने हैं, वहां कई कारणों के चलते लोगों को बिजली नहीं मिल पाई है। ऐसे स्थानों पर अभी भी लोग सोलर एनर्जी या फिर बैटरी का सहारा ले रहे हैं। शहर से सही सटे ग्रामीण क्षेत्रों के कई ऐसे मजरें हैं।
पॉवर कारपोरेशन ने अभी तक जिले में ऐसे करीब पांच सौ मजरों को चिंहित किया है। जहां विद्युतीकरण नहीं हुआ है। साथ ही बिजली कर्मचारियों काे भी निर्देशित किया गया है कि वह लोग उपकेंद्र के अंतर्गत खंडवार ग्राम प्रधानों से संपर्क कर ऐसे मजरों को चिंहित करें जहां अभी तक विद्युतीकरण नहीं हुआ है। अधिशाषी अभियंता सूर्य कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधानों से सूचनाएं लेकर मंडल कार्यालय भेजी जाएंगी, ताकि विद्युतीकरण का कार्य कराया जा सके।