बावन (हरदोई)। लोनार थाना क्षेत्र में गन्ने की फसल काटे जाने एवं ठूंठ को आग लगाए जाने से पड़ोसी खेतों की की करीब 10 बीघा फसल जल गई। इससे आग बबूला किसानों ने लोनार मार्ग पर जाम लगा दिया। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। पांच थानों की पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को जाम खुलवाने में डेढ़ घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
मंगलवार को करेडी फार्म लोनार के पास खेतों में गेहूं की फसल को कंपाइन से काटा गया था। जिसके बाद बचे ठूंठ को आग लगा दी गई। तेज हवा के चलने से चिंगारी से पड़ोस के भइया लाल, जगपाल व रनवीर के खेतों की फसल आग की चपेट में आ गई। फसल नष्ट होने से गुस्साए ग्रामीण लाठी डंडे लेकर लोनार मार्ग पर आग गए और वहां जाम लगा दिया।
जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। सूचना पर हरपालपुर, सांडी, लोनार व कोतवाली देहात सहित पांच थानों की पुलिस वहां पहुंच गई। इसके अलावा एएसपी नित्यानंद राय व सीओ नीतेश कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए और वहां स्थितियों पर काबू पाने का प्रयास किया। इधर, नायब तहसीलदार सदर प्रवेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाबुझाकर जाम खुलवा पाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मुआवजा दिलवाए जाने के नाम पर जाम खुलवाया।