कोतवाली क्षेत्र के टिकरा दाउदपुर गांव में गुरुवार
को सुबह शौच को जा रहे ग्रामीणों ने एक खलिहान में दो लोगों को गाय काटने
के दौरान पकड़ लिया और धुनाई कर दी। पूछताछ में तीन और नाम सामने आए, जिस
पर ग्रामीणों ने इनमें दो को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
इसी बीच ग्रामीणों को
जानकारी मिली की पुलिस आरोपियों को छोड़ रही है, जिस पर वह लोग
संडीला-उन्नाव रोड जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ चरनजीत सिंह ने
ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया, तब जाकर जाम खुला। मामला दो समुदायों
का होने से गांव में पीएसी तैनात कर दी गई।
कोतवाली क्षेत्र के टिकरा
दाउदपुर गांव के लोग तड़के शौच को खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक
खलिहान में दो लोगों को गाय काटते हुए देखा, जिस पर उन्होंने जानकारी गांव
के लोगों को दी। कुछ ही देर में दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर
दोनों को पकड़ कर धुनाई कर दी।
आरोपियों ने अपना नाम बराही निवासी इशहाक व
असही निवासी हकीम उर्फ हाकिम बताया। घटना की जानकारी पर कोतवाल डीपी सिंह
मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को बरामद गोमांस, कुल्हाड़ी व छूरा आदि
के साथ कोतवाली ले आए और पूछताछ की।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह
लोग जानवरों को काटते हैं, जबकि गांव के माशूक अली, सलमान और लतीफ निवासी
अशराफ टोला उन्हें जानवर पकड़कर सौंपते हैं। पुलिस पूछताछ कर ही रही थी कि
ग्रामीणों को पता चला कि पुलिस मामले को निपटाने में लगी है।
इस पर
गुस्साएं ग्रामीण संडीला-उन्नाव रोड पर आ गए और सड़क पर जाम लगा नारेबाजी
करने लगे। इसकी भनक लगते ही एसडीएम संजीव सिंह व सीओ चरनजीत सिंह मौके पर
पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। गांव के तीन अन्य
आरोपियों के नाम आते ही ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया।
इस दौरान मौका
पाकर सलमान फरार हो गया। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों की पिटाई कर पुलिस को
सौंप दिया। उधर, घटना से गांव में तनाव को देख एहितयात के तौर पर पीएसी
तैनात कर दी गई। कोतवाल डीपी सिंह ने बताया कि पांचों के खिलाफ गोवंश एक्ट
के तहत रिपोर्ट दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक और आरोपी की
तलाश की जा रही है।