हरदोई। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने गुरुवार को जनपद का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान एरियर में गड़बड़ी पर वित्त एवं लेखाधिकारी की विजिलेंस जांच कराने और विद्यालय में अव्यवस्थाएं मिलने पर बीईओ हरियावां व पिहानी को निलंबित करने के निर्देश दिए। जनपद में दस घंटे रुककर शिक्षा व्यवस्था की स्थलीय हकीकत देखी। यहां लगभग 1000 शिक्षकों के एरियर में फर्जीवाड़ा होने की बात सामने आ रही है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद बृहस्पतिवार को अपनी टीम के साथ जनपद पहुंचे। उन्होंने संडीला तहसील के जूनियर हाईस्कूल तिलुईया कला, राजकीय इंटर काॅलेज बेगम गंज, राजकीय बालिका इंटर कालेज हरदोई, बीएसए कार्यालय, डायट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत विकास भवन सभागार में बीईओ, डीसी और एआरपी के साथ बैठक कर विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की। जनपद में निपुण विद्यालय बनाने में कम उपस्थित होने पर नाराजगी जताई।
विकास भवन में महानिदेशक स्कूल शिक्षा के साथ आई टीम ने विद्यालयों की निरीक्षण आख्या दी। जिसमें ब्लाक पिहानी व हरियावां के विद्यालयों में कम उपस्थित व अव्यवस्था की जानकारी दी। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और सीडीओ से खंड शिक्षा अधिकारी हरियावां व पिहानी का वेतन रोकते हुए जांच कर निलंबित किए जाने के निर्देश दिए।
बीएसए कार्यालय में निरीक्षण के दौरान वित्त एवं लेखाधिकारी को एरियर भुगतान के मामले में कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तीन सदस्यीय टीम से सारे प्रकरण की जांच कराने और वित्त एवं लेखाधिकारी की विजिलेंस जांच कराने की चेतावनी दी। इसके साथ ही सभी लिपिकों को भी कड़ी फटकार लगाई। बताया जाता है कि यहां करीब एक हजार शिक्षकों के एरियर में फर्जीवाड़ा हुआ है। जिसकी विजिलेंस टीम से जांच कराई जाएगी।
इसीक्रम में राजकीय बालिका इंटर कालेज में छात्राओं से पढ़ाई के संबंध में बातचीत की और उसने सवाल-जवाब किए। उन्होंने कक्षा-कक्ष का गेट बंदकर छात्राओं से शिक्षण कार्य के विषय में जानकारी ली।
-
संडीला । महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने ग्राम तिलोइया कला के उच्च प्राथमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम का निरीक्षण किया और छात्रों से गणित के सवाल हल कराए और हिंदी और अंग्रेजी पढ़ने को कहा तो छात्रों ने पढ़कर सुना दिया। जिस पर उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने छात्र उपस्थित पंजिका देखी, तो छात्र पंजिका में दर्ज छात्रों के सापेक्ष उपस्थित 55 प्रतिशत होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि सरकार अब सभी रसोइयों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ेगी। इस योजना का लाभ प्रदेश के सभी रसोइयों को मिलेगा। उन्होंने जलालपुर के प्राथमिक विद्यालय, राजकीय इंटर कालेज बेगमगंज, बीआरसी संडीला का निरीक्षण किया।