पाली (हरदोई)। पाली थाना क्षेत्र के धौरलिया गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
धौरलिया गांव निवासी विमलेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे उनका बेटा मोहन (11) अपने मकान के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान गांव का अंकुल सिंह वहां आया और मोहन पर 14 हजार रुपये और मोबाइल निकाल लेने का आरोप लगाकर गाली-गलौज करने लगा।
शोर सुनकर विमलेश मौके पर पहुंचे तो अंकुल ने अपने भाइयों पप्पू और भत्तू सिंह के साथ ही परिवार के कई सदस्यों को बुला लिया और मारपीट करने लगे। विमलेश को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटने लगे। बचाने आई विमलेश की पत्नी मीनू को भी पीट दिया। रविवार शाम इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि शुक्रवार को ही विमलेश की तहरीर पर अंकुल सिंह, पप्पू सिंह और भत्तू सिंह के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया जा चुका है। (संवाद)