पिहानी/शाहाबाद (हरदोई)। आदर्श आचार संहिता के बीच आयोजित होली मिलन समारोहों में राजनीतिक बातें भी खूब हुईं। पिहानी में ब्लॉक प्रमुख की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में बसपा के जिला पंचायत सदस्य समेत कई गैर भाजपाई प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की गई।
कुछ इसी तरह टोडरपुर और शाहाबाद में भी होली मिलन समारोह आयोजित हुए। पिहानी में शाहाबाद तिराहा पर स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित समारोह में जिला पंचायत सदस्य सोनू भारती के भाजपा में शामिल होने की घोषणा की गई। जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि पार्टी में शामिल हुए लाेगों का स्वागत है।
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि आज मोदी जी का कुनबा बढ़ा है। सांसद जय प्रकाश ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का वादा किया। ब्लॉक प्रमुख कुशी वाजपेयी ने पूरे ब्लाक क्षेत्र के प्रधान और बीडीसी भाजपा के साथ होने का दावा किया।
कार्यक्रम में महेश प्रसाद सेठ, पूर्व ब्लाक प्रमुख पति रामरूप, दिनेश कुमार, बुद्ध प्रकाश अवस्थी, जान मोहम्मद, तहसीम खां, दिलीप मिश्रा, साजिद खां आदि मौजूद रहे। संचालन नवनीत वाजपेयी ने किया।
चर्चा में रही विधायक की गैरमौजूदगी
पिहानी में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्याम प्रकाश की गैरमौजूदगी चर्चा का विष बनी रही। उनके नगर प्रतिनिधि और विधानसभा क्षेत्र प्रतिनिधि भी मौजूद नहीं रहे। मंच में लगे बैनर से भी क्षेत्रीय विधायक का नाम गायब था। इसे लेकर जिलाध्यक्ष को सफाई भी देनी पड़ी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि विधायक किसी कारण से कार्यक्रम में नहीं हैं, लेकिन वह इस क्षेत्र से भाजपा को बड़ी बढ़त दिलाएंगे।