रोते बिलखते मृतक अवनीश के परिजन।
- फोटो : amarujala
हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर मंगलवार रात वैन और कार की भिड़त हो गई। जिसमें वैन चालक की मौत हो गई। हादसे मेें वैन सवार चार लोग घायल हो गए। वैन सवार गोद भराई कर लौट रहे थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
अरवल थाना क्षेत्र के बानामऊ गांव निवासी रामनरायण (46) के बेटे राजीव की शादी सांडी के सदरियापुर में तय है। मंगलवार को गोद भराई थी। उसमें शामिल होने के लिए अवस्थीपुरवा निवासी अवनीश (35) अपनी वैन लेकर गया था। गोद भराई होने के बाद देर रात वह वैन लेकर घर लौट रहा था। वैन में सात सवारियां थीं। वैन बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के दुर्गागंज गांव के पास पहुंची थी।
उसी दौरान वैन बेकाबू होकर सामने से आ रही कार से भिड़ गई। जिसमें चालक अवनीश की मौके पर मौत हो गई। कार सवार रामनरायण उसके भाई रामप्रकाश (42), दुशासन (60) और गांव निवासी रामतीर्थ (50) घायल हो गए। हादसे की सूचना अन्य लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक अवनीश के दो बेटे हैं। पुलिस ने बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया।