हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-पिहानी मार्ग पर ग्राम भूरा टीकुर के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोटें आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव के पास से मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुदौली मजरा बेहटी निवासी सर्वजीत (35) पुत्र गंगाराम किसी कार्य से मंगलवार सुबह हरियावां गया था। हरियावां से लौटते समय हरदोई-पिहानी मार्ग पर भूरा टीकुर के निकट अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह उछल कर सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर उसने दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पहुंची पुलिस ने शव के पास से मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं।