हरदोई। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को आठ नवंबर से निशुल्क अनाज मिलेगा। खाद्य और रसद विभाग ने नवंबर माह के लिए गेहूं और चावल का आवंटन कर दिया है। विभाग ने उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर उपलब्ध कराना भी शुरू कर दिया है।
जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि अंत्योदय अन्न योजना के कार्डधारक परिवार को 14 किलोग्राम गेहूं, 21 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल दिया जाएगा। बताया कि ऐसे ही पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम अनाज में दो किलोग्राम गेहूं और तीन किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल उचित दर की दुकानों से निशुल्क दिए जाएंगे।
उचित दर की दुकानों को सुबह आठ से दोपहर 12 बजे और दोपहर दो से शाम छह बजे तक वितरण किए जाने के आदेश पूर्ति निरीक्षक, उचित दर विक्रेताओं को दिए गए हैं। बताया कि 25 नवंबर को मोबाइल ओटीपी प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण किए जाने की व्यवस्था दी गई है। बताया कि बाकी यूनिटों की ई-केवाईसी और आयुष्मान कार्ड के लिए अंत्योदय अन्न योजना के कार्डधारकों को प्रेरित किया जाएगा।