हरदोई। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के लखनऊ मंडल के मुख्य अभियंता ने गुरुवार को जनपद आकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को उपकेंद्रवार बिजली बिलिंग की दरों को निर्धारित कर वसूली करने और एक मुश्त समाधान में बकाया अदा न करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली की मासिक प्रगति रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
पावर कारपोरेशन के मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के लखनऊ मंडल के मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की। सिटी उपकेंद्र के निकट अधीक्षण अभियंता आवास पर मुख्य अभियंता ने जनपद के अधिशासी अभियंता, उप खंड अधिकारी और अवर अभियंता के साथ बैठक की।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता योगेश कुमार से कहा कि जनपद के उपभोक्ताओं को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति का ब्यौरा तैयार करें और उपकेेंद्रवार कितनी बिजली व्यय हो रही है, उसके आधार पर विद्युत दरों को निर्धारित कर वसूली करें। जहां से कम वसूली हो रही है उसका कारण पता करें। कहा कि यहां बिजली चोरी मिले वहां के उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करें।
मुख्य अभियंता ने कहा कि एक मुश्त समाधान योजना में ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने पंजीकरण के बावजूद अभी बिल की अदायगी नहीं कि उनकी सूची तैयार कर नोटिस देने और आरसी जारी करने की कार्रवाई शुरू की जाए। राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर अधिशासी अभियंता खंड प्रथम एसके श्रीवास्तव, खंड द्वितीय राजाबाबू कटियार, उपखंड अधिकारी पंकज भारती, दिलीप यादव, अवर अभियंता केपी सिंह व अंबिका प्रसाद आदि मौजूद रहे।