फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चाचा-भतीजे में कमीशन की रार, बाकी दिखावा- शाह

Fri, 28 Oct 2016 12:16 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इटावा
विज्ञापन
लोगों को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
इटावा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को यहां पार्टी की संकल्प महारैली में कहा कि देश के बदहाली के लिए कांग्रेस और प्रदेश की बर्बादी के लिए सपा-बसपा जिम्मेदार हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के कुनबे में चल रही रार पर तंज कसा। अखिलेश और शिवपाल का नाम लिए बिना कहा कि चाचा-भतीजे में सिर्फ कमीशन के बंटवारे की तकरार है, बाकी सब दिखावा है। युवाओं से वादा किया कि भाजपा की सरकार बनते ही उन्हेें अपने शहर में ही रोजगार मिलेगा। अपना घर परिवार छोड़ बाहर नहीं जाना पडे़गा। इटावा, मैनपुरी और आसपास के जिलों में आलू किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए चिप्स फैक्ट्री खुलवाई जाएगी।
विज्ञापन


शाह ने नुमाइश मैदान में आयोजित महारैली में साफ कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी खत्म करना न भतीजे के वश की बात है, न बुआ (मायावती) के। यह काम भाजपा की सरकार कर सकती है। 2017 के चुनाव में दो तिहाई बहुुमत से बनने जा रही भाजपा सरकार गुंडाराज और भ्रष्टाचार का खात्मा करेगी। कहा कि इन दिनों कानून व्यवस्था का नया शब्द ईजाद हुआ है-ला एंड आर्डर, इसका अर्थ अब पैसे ला और ले जा आर्डर हो गया है। सपा सरकार यही कर रही है। यहां पैसों के आधार पर आदेश हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार की विफलता से किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। केंद्र सरकार ने प्रदेश को पांच साल में पांच लाख करोड़ रुपये दिए। इस पैसे से गांव, गरीब, किसान का विकास नहीं हुआ, युवाओं को रोजगार नहीं मिला। इस पैसे को चाचा-भतीजे खाएंगे, बचा तो आजम खां ले जाएंगे। जिस दिन प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बन जाएगी, पाई-पाई का हिसाब लेकर जनता को दिया जाएगा।

 शाह ने राहुल गांधी की किसान संदेश यात्रा पर कहा कि राहुल बाबा प्रदेश की सैर करने निकले हैं। उन्हें जमीनी हकीकत का ज्ञान नहीं है। कहा कि प्रदेश में जब भी कानून व्यवस्था की बात चलती है तो भाजपा की 1989 में कल्याण सिंह की सरकार का उदाहरण दिया जाता है। इस बार भी आप बहुमत दिलाइए, हम वचन देते हैं कि कल्याण सिंह जैसी सरकार ही बनवाएंगे। महारैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश मंत्री संतोष सिंह, रैली संयोजक पूर्व सांसद ब्रजेश पाठक, सुब्रत पाठक, सरिता भदौरिया, अशोक दुबे, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवमहेश दुबे सहित तमाम नेताओं ने भी अपनी बात कही।
विज्ञापन


भाजपा अध्यक्ष ने मथुरा और बुलंदशहर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मथुरा में रामवृक्ष यादव की हिम्मत नहीं थी कि बगैर सरकार की मदद के इतनी महत्वपूर्ण जगह पर कब्जा कर पाता। सपा के गुंडे गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। बसपा की सरकार में बलात्कार की घटनाओं में 161 फीसदी वृद्धि हुई, 1100 दलितों की हत्याएं हुईं। इसलिए कानून व्यवस्था न तो भतीजा ठीक कर सकता है और न बुआ। भाजपा की सरकार बनते ही 24 घंटे के अंदर गुंडे जमीनों से कब्जा छोड़कर भागेंगे।

शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि सपा में मुख्तार अंसारी के दल का विलय नहीं होगा। अब वे बताएं कि अतीक, अफजल अंसारी का क्या करेंगे। बसपा का भी यही हाल है। सिर्फ भाजपा में गुंडे बदमाशों की जगह नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में पहली बार देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। उड़ी में आतंकी हमले के बाद हमारी सेना ने पहली बार दुश्मन को उसकी जमीन में घुसकर मारा है। कांग्रेस की सरकार पूरे दस साल सत्ता में रही। इसमें सपा-बसपा भी शामिल रहीं। इसके कार्यकाल में घोटालों की लंबी फेहरिस्त है। कुल मिलाकर 12 लाख हजार करोड़ रुपये के घोटाले हुए। कांग्रेस ने अंतरिक्ष, आकाश, जमीन और पाताल सभी क्षेत्रों में घोटाले किए। कुछ भी नहीं छोड़ा। 12 लाख हजार करोड़ रुपये से उत्तर प्रदेश जैसे बडे़ राज्य का तीन साल का खर्च चल सकता है। इससे हर गांव में तीन-तीन स्कूल, बिजली एवं अस्पताल की सुविधा उपलब्ध हो जाती।  घोटालेबाजों और इसमें सहयोगी रहे दल आखिर किस मुंह से जनता से वोट मांगने की हिम्मत कर रहे हैं।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें