हरदोई। 33 केवीए लाइन का केबल बॉक्स जल जाने से शहर के दो उपकेंद्र चार घंटे तक बंद रहे। इससे लोग गर्मी से बेहाल हो गए।
बिजली न आने से उससे जुड़े 18 हजार बिजली उपभोक्ता प्रभावित हुए। विभागीय अधिकारी प्रस्ताव होने के बाद भी अभी तक केबल नहीं बदला सके हैं, जिसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
शहर के 132 केवीए उपकेंद्र मन्नापुरवा से 33 केवीए सांडी रोड और गुरगुज्जा उपकेंद्र को विद्युत आपूर्ति की जाती है। इन उपकेंद्र तक जाने वाले 33 केवीए की लाइन काफी पुरानी व जर्जर हो चुकी है। उसको बदलने के लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव हो गया है और कार्यदायी संस्था को बजट आदि भी उपलब्ध करा दिया गया है। मगर अभी तक केबल नहीं बदला गया है। इससे आए दिन ओवरलोड होने पर केबल बॉक्स के जलने की घटनाएं हो रही है।
गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे मन्नापुरवा उपकेंद्र के पास केबल बॉक्स जल गया। इससे विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड और गुरगुज्जा की आपूर्ति बंद हो गई। विभागीय जिम्मेदारों को केबल सही करने में चार घंटे से अधिक का समय लग गया। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से उपभोक्ता परेशान रहे। एसडीओ सदर आकाश वर्मा ने बताया कि केबल जलने से समस्या आ गई थी। नई केबल का प्रस्ताव हो गया है। जल्द ही समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।