टड़ियावां थाना क्षेत्र के गांव भड़ायल के निकट
ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा। उधर,
संडीला थाना क्षेत्र में सीएचसी से बाइक पर सवार होकर वापस घर जा रहे एक
युवक को प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के खेतहरी मजरा आशा निवासी सुरेश राठौर का
पुत्र राजेंद्र राठौर (35) कुछ समय से राजस्थान के किसी मालिक के ट्रैक्टर
पर ड्राइवरी कर रहा था। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे विधायक श्यामप्रकाश के
हरदोई-सीतापुर मार्ग स्थित भड़ायल जूनियर विद्यालय के पीछे तालाब में काम
चल रहा था।
तभी ट्रैक्टर पलट जाने से राजेंद्र की उसके नीचे दबकर मौत हो
गई। सूचना पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का कोहराम
मच गया। पिता सुरेश राठौर ने बताया कि राजेंद्र के दो बच्चे सोनी (15) व
मनोज (10) है। सूचना पर विधायक श्यामप्रकाश के पुत्र रवी प्रकाश ने
घटनास्थल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
उधर, एसआई विवेक वर्मा ने
मौका मुआयना कर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा। उधर, संडीला थाना
क्षेत्र में सीएचसी से बाइक पर सवार होकर वापस घर जा रहे एक युवक को
प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आस पास
के लोगों ने उसे उठाकर सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर
दिया। कोतवाली क्षेत्र के जमकुरा गांव निवासी राजेश की पत्नी प्रसव के लिये
सीएचसी में दो दिन से भर्ती थी। सोमवार को वह बाइक से अपनी पत्नी को देखने
के लिये सीएचसी गया था।
वहां से जब वह अपनी बाइक से वापस लौट रहा था तभी
बेगमगंज गांव के सामने लखनऊ की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस ने उसके पीछे से
टक्कर मार दी, जिससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों
ने 108 एंबुलेंस को सूचना देकर उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे
मृत घोषित कर दिया।
मौका पाकर चालक बस लेकर फरार हो गया। परिजनों ने बताया
कि राजेश दिल्ली में मेहनत मजदूरी करता था और पत्नी को देखने सोमवार को
सुबह ही वह दिल्ली से आया था। जब वह सीएचसी पत्नी को देखने गया और देख कर
वापस लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गया।