हरदोई। लखनऊ-बरेली रेलवे लाइन पर अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। एक घटना कछौना थाना क्षेत्र में हुई। वहीं, दूसरा हादसा आलमनगर स्टेशन के पास हुआ। आलमनगर में मरने वाला युवक कछौना थाना क्षेत्र का रहने वाला था। कछौना थाना क्षेत्र में हुए हादसे में युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
कछौना। लखनऊ -बरेली रेलवे लाइन पर बालामऊ पूर्वी केबिन के आगे आउटर सिंग्नल के निकट सुजानपुर गांव जाने वाले मार्ग के सामने सोमवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव दोनों लाइनों के मध्य पड़ा मिला। मेमो के आधार पर स्थानीय पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उम्र लगभग 30 साल होगी। मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कछौना। नगर के रेलवे गंज निवासी सुनील कुमार गुप्ता नगर में चाट की दुकान चलाकर अपना परिवार चलाते थे। रविवार को बालामऊ से लखनऊ जाते समय आलम नगर स्टेशन पर उतरने लगे। अचानक स्टेशन की सीढि़यों से पैर फिसलने पर गिरने से उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई मिंटल ने बताया कि उसका भाई राजाजीपुरम अपनी ससुराल जा रहा था।
जहां रहकर बड़ा बेटा प्रखर 12 पढ़ाई करता है। उससे मिलने सियालदह एक्सप्रेस से गए थे। यह भी बताया कि ट्रेन का आलमनगर में ठहराव नहीं है। ट्रेन के धीमी होने पर उतरते समय घटना घटी है। पत्नी पूजा गुप्ता, पुत्री कशिश व बेटे पीहू का रो-रोकर बुरा हाल है।