पाली। चकबंदी टीम की मौजूदगी में पैमाइश के दौरान दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। किसी इस मारपीट का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो क्षेत्र के मुड़रुखेड़ा का बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने एक पक्ष की ओर से आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष ने एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायती पत्र दिया है। वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
मुड़रुखेड़ा निवासी श्याम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चकबंदी विभाग के कानूनगो पैमाइश करा रहे थे। उसी दौरान गावं के ही भानसिंह आदि लोग आए। उन लोगों ने विरोध किया। मना करने पर मारपीट होने लगी। बचाने आए मानसिंह को भी पीटा। पुलिस ने आठ विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भानसिंह का आरोप है कि श्याम सिंह का चचेरा भाई लेखपाल है और तहसील सवायजपुर में तैनात है। गड़बड़ी की जा रही थी, जिसका विरोध करने पर श्याम सिंह आदि ने मारपीट की। कार्यवाहक थाना प्रभारी वीर बहादुर ने बताया कि एक पक्ष की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है, दूसरे पक्ष की भी तहरीर मिली है।