हरदोई। टड़ियावां पुलिस ने गोपामऊ मार्ग पर स्वाट टीम की मदद से भैंस चोरी के मामले में वांछित 25-25 हजार रुपये के दो इनामियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों शातिर घायल हो गए हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के पास से एक कार, दो तमंचे, दो कारतूस, दो खोखे और 22 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के जसईपुर, लोधखेड़ा और पिपरी में बीती 19 नवंबर से एक दिसंबर के बीच भैंस चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। इस दौरान अलग अलग स्थानों से कुल 12 भैंस चोरी हुई थीं। घटना का खुलासा करने के लिए एसपी अशोक कुमार मीणा ने सीओ हरियावां अजीत चौहान को लगाया था। सोमवार आधीरात बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो मवेशी चोरों को गिरफ्तार किया था। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस सीतापुर जनपद के अकोहरा निवासी सलमान और कमलापुर थाना क्षेत्र के सरौरा निवासी कल्लू की तलाश कर रही थी। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। सीओ का दावा है कि अहिरोरी पुल पर मंगलवार आधीरात के बाद पुलिस टीम जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान गोपामऊ की तरफ से आ रही कार को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने कार नहीं रोकी। इस पर पुलिस ने पीछा किया। इसी दौरान शंकरपुर के पास कार सवार ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से सलमान और कल्लू घायल हो गए। दोनों के दाएं पैर में गोली लगी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में टड़ियावां थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह, गोपामऊ चौकी प्रभारी नीरज कुमार, हरिहरपुर चौकी प्रभारी धीरेंद्र यादव, स्वाट टीम के प्रभारी राजेश कुमार आदि शामिल रहे।