हरदोईय/बेहटागोकुूल। शाहजहांपुर मार्ग पर महर्षि विद्या मंदिर स्कूल मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रही प्राइवेट बस ने होमगार्ड को टक्कर मार दी। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बेहटागोकुल थानाक्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में किसान की मौत हुई।
कोतवाली शहर क्षेत्र के रद्धेपुरवा रोड निवासी अनंगपाल (44) होमगार्ड थे और सदर एसडीएम के कार्यालय में तैनात थे। उनके पुत्र कमल राज व पुत्री वैष्णवी है। होमगार्ड अरविंद ने बताया कि अनंगपाल सुबह करीब सात बजे घर से टहलने के लिए हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर गए थे। करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार से आ रही प्राइवेट बस में अनंगपाल को पीछे से टक्कर मार दी। इससे अनंगपाल गिरकर घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अनंगपाल को मेडिकल कॉलेज ले गई। यहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। देहात कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। प्राइवेट बस को कब्जे में लिया गया है।
वहीं, बेहटागोकुल थानाक्षेत्र के बबनापुर निवासी रामतीर्थ (35) शुक्रवार की रात को धान की फसल की रखवाली करने के लिए खेत गए थे। रात करीब 11 बजे वह सड़क के किनारे ब्रह्मदेव स्थान के पास आग ताप रहे थे। इसी बीच इटौरिया से सहोरा पुल की तरफ जा रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। इससे रामतीर्थ की मौके पर मौत हो गई। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पांच भाइयों में रामतीर्थ नंबर के थे। परिजनों ने बताया कि उनकी शादी नहीं हुई थी, वह मां के साथ रहते थे। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
35 लाख रुपये की दिलाई जाएगी सहायता राशि
सहायक जिला कमांडेंट महेश प्रसाद ने बताया कि विभागीय अनुग्रह राशि के माध्यम से पांच लाख व एचडीएफसी बैंक दुर्घटना बीमा की ओर से 30 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाई जाएगी। इस तरह से कुल 35 लाख रुपये की राशि मृतक होमगार्ड अनंगपाल के परिजनों को दी जाएगी।