शहर क्षेत्र में सरकुलर रोड़ पर बाइक का ट्रक ने
टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार अनुदेशक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देहात
कोतवाली क्षेत्र में पिहानी मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के आगे एक पेड़ में
अज्ञात अधेड़ का शव लटकता मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली
क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी हिमांशु अवस्थी उर्फ दीपू (31) पुत्र
सुशील अवस्थी शनिवार को बाइक से सरकुलर रोड़ से किसी काम से जा रहे थे।
रास्ते में बसंत लाल फार्म के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो
गई।
घटना की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को
पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों ने बताया कि वह कन्नौज में परिषदीय
विद्यालय में अनुदेशक के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह जीडीसी में छात्र
संघ में उपाध्यक्ष पद पर भी चुने गए थे। उनके छह माह का एक पुत्र है।
उधर,
देहात कोतवाली क्षेत्र में पिहानी मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के आगे एक पेड़
में अधेड़ का शव लटकता मिला। शव मिलने की जानकारी होने पर आस पास भारी
भीड़ जमा हो गई। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर
पोस्टमार्टम को मर्चरी में रखवा दिया।
रविवार की सुबह कोतवाली देहात
क्षेत्र के पिहानी मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पार एक अधेड़ (45) वर्षीय
युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। घटना से आस पास भारी भीड़ जमा हो गई। घटना
की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवा।
पुलिस ने
अधेड़ की पहचान करने की कोशिश की मगर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस
ने शव को पोस्टमार्टम को रखवा दिया। कोतवाल परशुराम सिंह ने बताया कि मृतक
के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव की
शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।