भरावन। अतरौली थानाक्षेत्र के गोड़वा में भूमि विवाद में शनिवार को दो पक्षों में मारपीट गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए हैं।
गोड़वा निवासी रामू मिश्रा ने बताया कि बीती 25 नवंबर को जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश की थी। इसके बाद उन्हें अपनी पैतृक भूमि पर निर्माण की अनुमति मिली थी। शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान गांव के ही मूलचंद्र, राजेश, कुलदीप, नितेश, बैजनाथ और गोपाल ने गाली-गलौज कर पथराव किया। आरोप है कि धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद ट्रैक्टर से 25 फीट लंबी और सात फीट ऊंची दीवार ढहा दी। घटना में रामू, कुसुमा, शुभम घायल हो गए। दूसरे पक्ष से राजेश मिश्रा ने बताया कि शनिवार दोपहर गांव के रामू, अतुल, ओमकार, शुभम, सुशांत और अंबुज ने 150 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर घर पर धावा बोल दिया।
पथराव करते हुए गेट तोड़कर अंदर घुस आए। घर के अंदर भी तोड़फोड़ की। घटना में राजेश, रामगोपाल और बैजनाथ घायल हो गए। आरोप है कि देर शाम फिर से आरोपियों ने राजेश पर धारदार हथियार से हमला किया। राजेश को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। ट्रैक्टर पुलिस ने कब्जे में लिया है। गांव में पुलिस तैनात की गई है।