हरदोई। राज्य मार्ग-138 बिलग्राम-सांडी-अल्लागंज पर बनवाए जा रहे पुल पर जल्द ही सुरक्षात्मक काम और पहुंच मार्ग बनवा लिए जाएंगे। शासन ने इन कामों के लिए दूसरी किस्त में 1.94 करोड़ रुपये दे दिए हैं। पुल पर सुरक्षात्मक काम और पहुंच मार्ग बन जाने से दो लाख से अधिक लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
बिलग्राम-सांडी-अल्लागंज मार्ग पर सेतु निगम के माध्यम से गर्रा नदी पर पुल बनवाया जा रहा है। शासन ने इस पुल को बनवाए जाने के लिए साल 2024 में स्वीकृति दी थी। शासन ने पुल बनवाए जाने की जिम्मेदारी सेतु निगम को सौंपी थी और काम कराने के लिए 21.34 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी। उस समय स्वीकृति के साथ ही काम कराने के लिए पहली किस्त में 19.40 करोड़ रुपये सेतु निगम को दिए गए थे। सेतु निगम ने प्रक्रिया पूरी कराते हुए काम शुरू करा दिया था। गर्रा नदी पर पुल बनवाए जाने से आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है।
शासन ने सेतु निगम की मांग पर दूसरी किस्त में 1.94 करोड़ रुपये दे दिए हैं। दूसरी किस्त के रुपये मिल जाने से अब पुल पर सुरक्षात्मक कार्य और पहुंच मार्ग बनवाए जाने का काम तेजी से कराया जा सकेगा। इससे पुल 15 अप्रैल तक पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा। लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
शासन ने आवागमन के साधनों को बेहतर बनाने पर जोर दिया है। बिलग्राम-सांडी-अल्लागंज मार्ग पर गर्रा नदी पर बनवाए जा रहे पुल पर काम कराने के लिए 1.94 करोड़ से अधिक रुपये दिए हैं। काम में तेजी लाने के निर्देश सेतु निगम के अधिकारियों को दिए गए हैं। -अनुनय झा, जिलाधिकारी