हरदोई। मतदाता सूची के विधानसभा क्षेत्रवार संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर दो शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया गया है। दोनों ही बूथ लेवल अफसर थीं लेकिन इन्होंने ड्यूटी नहीं की। खंड शिक्षा अधिकारी की आख्या पर कार्रवाई की गई। विस्तृत जांच के लिए टड़ियावां के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच अधिकारी बनाया गया है।
संडीला के संविलियन विद्यालय लूमामऊ की सहायक अध्यापिका लक्ष्मी ठाकुर को बीएलओ बनाया गया था। उनकी ड्यूटी प्राथमिक विद्यालय लूमामऊ के कक्ष संख्या एक में थी। इसके बाद भी उन्होंने ड्यूटी नहीं ली। उन्हें निलंबित किया गया है। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय खौसीखेड़ा की सहायक अध्यापिका रिचा वर्मा की ड्यूटी बीएलओ के रूप में प्राथमिक विद्यालय बेगमगंज के बरामदापूर्वी बूथ पर लगी थी। उन्होंने भी ड्यूटी नहीं ली। दोनों सहायक अध्यापिकाओं के बारे में खंड शिक्षा अधिकारी संडीला ने रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी थी। बीएसए प्रभात मिश्रा ने बताया कि दोनोंं शिक्षिकाओं को निलंबित कर खंड शिक्षा अधिकारी टड़ियावां प्रभाकर सिंह को जांच अधिकारी बनाया गया है।