सवायजपुर (हरदोई)। सवायजपुर कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों चोरों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
सवायजपुर कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रूपापुर पुलिस चौकी के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार को बाइक से आ रहे दो संदिग्धों को रोकने का निर्देश दिया गया। चौकी प्रभारी ने अपनी टीम के साथ कटरा-बिल्हौर मार्ग पर पांडेयपुर के पास रविवार सुबह साढ़े 11 बजे दो संदिग्ध लोगों को रोका तो इन लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान इन लोगों ने अपना पता सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के धौकलपुर निवासी शिव मोहन मिश्रा और कन्हारी निवासी विकास यादव बताया। पूछताछ में यह भी पता चला कि कन्हारी में कोल्ड स्टोर के पास से चोरी की गई बाइक को यह लोग बेचने जा रहे थे। दोनों के पास से एक एक तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।