हरदोई। शहर में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में दो लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। इसके अलावा 45 घटों के बाहर मीटर लगाए गए। इस अभियान से लोगों में हड़कंप मच गया।
पावर कारपोरेशन के निर्देश पर विद्युत चोरी पर लगाम लगाने तथा बकाया वसूल करने के लिए बिजली विभाग ने अभियान शुरू किया है। शहर के मोहल्ला सराय थोक पश्चिमी और मछली मंडी में सोमवार को उपखंड अधिकारी सत्येंद्र पांडेय के निर्देशन में अवर अभियंताओं की टीम ने घरों के विद्युत कनेक्शनों की जांच की।
टीम ने 200 विद्युत कनेक्शनों की जांच की। 45 उपभोक्ताओं के मीटर घर के बाहर किए गए। चार उपभोक्ताओं के विद्युत मीटर में कुछ कमी मिलने पर उन्हें बदला गया। वहीं बकाया अधिक होने पर 25 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। 12 कनेक्शनों का लोड बढ़ाया गया। तीन कनेक्शन जारी किए गए। टीम ने कलेक्ट्रेट में पहुंचकर भी जांच की जिसमें दो उपभोक्ताओं के विरुद्ध बिजली चोरी के मामले में एफआईआर की गई। कलेक्ट्रेट के दो प्रतिष्ठानों में भी बिजली चोरी के मामले में एक फोटो कापी की दुकान से 20 हजार रुपये तथा एक कैंटीन से 20 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। टीम में अवर अभियंता केपी सिंह, अंबिका प्रसाद, आशीष श्रीवास्तव व पीयूष वर्मा मौजूद रहे।