हरदोई। न्यूनतम पारा छह डिग्री पहुंचने के साथ मंगलवार सबसे सर्द दिन रहा। पूरे दिन शीतलहर चलने से लोग कांप उठे। मौसम विभाग ने कोल्ड-डे की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण लोग वाहनों की लाइट जलाकर चलते दिखे।
सुबह घना कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री रहा। सुबह से शाम तक धूप नहीं निकली। पछुवा हवाओं के कारण लोग ठिठुरते रहे। ठंड बढ़ने के कारण सड़कों पर भी सन्नाटा रहा। प्रशासन आम जनमानस को राहत पहुंचाने के लिए जगह-जगह अलाव जलवा रहा है। हाल ये रहा कि जहां अलाव दिखा, वहीं लोग रुक गए। थोड़ी देर आग तापने के बाद ही आगे बढ़े। दुकानों में ब्लोअर और हीटरों की खरीदारी अधिक हुई।
शीतलहर ने यात्रियों की मुसीबत बढ़ा दी है। भारी कोहरे और सर्द हवाओं के कारण ट्रेन और बसों की लेटलतीफी परेशानी का सबब बन गई है। जिस वजह से यात्रियों को ठिठुरन भरी सर्दी में ट्रेनों और बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक लोगों को सर्दी ऐसे ही परेशान करती रहेगी।
मंदिरों में भगवान ने ओढ़ी रजाई
सर्दी बढ़ते ही मंदिरों में भगवान भी रजाई ओढ़े नजर आए। प्रभु को पुजारियों ने गर्म कपड़े पहनाए। मूर्तियों के सामने ब्लोअर चलाए गए।