रक्तदाता को प्रमाणपत्र देते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। विश्व रक्तदाता दिवस और जेठ के अंतिम मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वाधान में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में हुए रक्तदान शिविर में 71 लोगों ने महादान किया। सपा के युवा मंत्री नितिन अग्रवाल ने जहां शिविर का शुभारंभ किया वहीं भाजपा के युवा सांसद अंशुल वर्मा और डीएम के बेटे प्रखर वार्ष्णेय ने रक्तदान कर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। सुबह नौ बजे शुरू हुआ शिविर देर शाम तक जारी रहा। डीएम विवेक वार्ष्णेय और सीएमएस डा. आरके मिश्रा ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र बांटे।
रक्तदान को मानवता का फर्ज समझते हुए शिविर में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। स्वतंत्र प्रभार मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन जैसी संस्थाएं पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी हैं जो अव्यवस्थाओं को उजागर ही नहीं करती बल्कि उनका निदान भी स्वंय ही करके दिखलाती हैं। जिले में ब्लड की कमी को काफी हद तक पूरा कराने में इनका भी अग्रणी सहयोग है।
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप सिंह, सपा लोहिया वाहिनी के नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता, जिला महासचिव कपिल सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमला सुमन ने भी रक्तदान किया। रक्तदानियों में महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी रही। इस मौके पर डा. अमरजीत सिंह अजवानी, डा. जीके महेश्वरी, डा. वी के गुप्ता, डा. आरके रावत, ब्लड बैंक प्रभारी डा. एनपी श्रीवास्तव, लैब टेक्नीशियन अकील खान, सुधीर वर्मा, प्रहलाद सिंह गौर, संदीप कुमार, अमन त्रिपाठी, आकाश दीप, पंकज, अनिल, रवि आदि मौजूद रहें।