घटनास्थल पर ग्रामीणों से बातचीत करते सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ। संवाद
- फोटो : HARDOI
सुरसा। थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर शनिवार सुबह साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रहे बालक को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बल्लियां रखकर जाम लगा दिया और शव नहीं उठने दिया। लगभग आधा घंटे बाद पहुंचे सीओ सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण माने। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया है।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम फारमपुरवा निवासी लकी (12) पुत्र इंद्रेश प्राइवेट स्कूल मेें कक्षा पांच का छात्र था। वह ढोलिया चौराहा कोचिंग पढ़ने जाता था। शनिवार सुबह वह साइकिल से कोचिंग जा रहा था।
ढोलिया चौराहे से कुछ पहले हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर पीछे से आए ट्रक ने लकी को कुचल दिया। मौके पर ही लकी की सांसें थम गईं। दुर्घटना की जानकारी पर फारमपुरवा के ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों के साथ हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ, सुरसा के प्रभारी निरीक्षक वीके शर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद लोगों ने शव हटाया। प्रभारी निरीक्षक वीके शर्मा ने बताया कि चालक और ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।