फोटो-35- पकड़े गए ट्रक के साथ मौजूद खनन निरीक्षक अमित रंजन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। खनन निरीक्षक की चेकिंग देखकर भागे मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक का खनन निरीक्षक ने अपनी गाड़ी से लगभग 16 किलोमीटर तक पीछा किया। रास्ते में ओवरटेक करने की कोशिश पर ट्रक चालक ने निरीक्षक की बोलेरो में कई बार टक्कर मारने की भी कोशिश की। निरीक्षक ने बेहटा गोकुल पुलिस की मदद से ट्रक को रुकवाया और चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने खनन निरीक्षक की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खनन निरीक्षक अमित रंजन गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे पिहानी चुंगी के पास अपने चालक व होमगार्ड के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच खनन निरीक्षक व होमगार्ड संतोष कुमार ने डीएम चौराहा की ओर से मौरंग लादकर आ रहे ट्रक को रुकने का इशारा किया। टीम को देखकर चालक ने शाहाबाद रोड की ओर ट्रक मोड़ दिया और तेजी से भागने लगा। अमित रंजन ने अपनी बोलेरो से ट्रक का पीछा किया। टीम को पीछे आते देख ट्रक चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी।
इस पर खनिज निरीक्षक ने रास्ते में ट्रक को कई बार ओवरटेक करने की कोशिश की, जिस पर ट्रक चालक ने बोलेरों में टक्कर/कट मारने की कोशिश की। कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जब ट्रक चालक ने साइड नहीं दी तो खनन निरीक्षक ने इसकी जानकारी बेहटा गोकुल पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बेहटा गोकुल पुलिस ने सड़क पर आकर बैरियर लगा व घेराबंदी कर ट्रक को रुकवाया। पुलिस ने ट्रक चालक सगीर पुत्र आसिफ निवासी ग्राम पंडरवा कोतवाली पिहानी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने खनन निरीक्षक अमित रंजन की तहरीर पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ राकेश आनंद ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हरदोई। खनन निरीक्षक अमित रंजन ने बताया कि बुधवार की रात से लेकर गुरुवार की सुबह तक खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की अभियान चलाकर जांच की गई। जांच के दौरान मौरंग के तीन व डस्ट का एक ओवर लोड ट्रक सुरसा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया।
दो मौरंग लदे ट्रक कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में पकड़े गए। इसके साथ ही बेहटा गोकुल के ग्राम पीलागांव में मिट्टी का खनन करते वक्त एक जेसीबी व तीन ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी गई। सभी वाहनों को संबंधित थाने की पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
फोटो-36- पुलिस हिरासत में ट्रक चालक सगीर। संवाद- फोटो : HARDOI