हरदोई। शराब गोदाम के सेल्समैन की मौत के मामले में आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दंपती के खिलाफ दर्ज हुआ है। मृतक के पिता की तहरीर पर दर्ज की गई रिपोर्ट के मुताबिक प्रेम प्रसंग में ब्लैक मेल किए जाने से परेशान होकर युवक ने खुदकुशी की थी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बड़ौरी निवासी अनूप (22) शराब के एक गोदाम में सेल्समैन था। 28 जून की रात 11 बजे वह बिन कुछ बताए घर से चला गया था। 29 जून की सुबह उसका शव गांव के बाद पेड़ पर गमछे के फंद पर लटकता मिला था। पिता राकेश ने हत्या करने की आशंका जताई थी।
आरोप था कि गांव की ही एक महिला से अनूप की नजदीकियां थीं। उक्त महिला के पास अनूप की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी थे। इसकी आड़ में महिला अपने पति के साथ मिलकर अनूप को ब्लैक मेल करता था। कई बार मारपीट भी की थी। देहात कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि ब्लैकमेलिंग कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप मेें सोनी और उसके पति दिनेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।