हरदोई। शहर के खेतुई से लखनऊ चुंगी मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सड़क किनारे लगे पेड़ों की छंटाई व कटान के कारण रविवार को विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। पेड़ काटने के चलते एहतियातन क्षेत्र की बिजली लगातार छह घंटे तक ठप रही। इस दौरान करीब सात हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खेतुई से लखनऊ चुंगी तक सड़क को चौड़ा करने का कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा है। इसके लिए सड़क किनारे के पेड़ों को वन विभाग की ओर से काटा जा रहा है। पेड़ों की कटाई के कारण मन्नापुरवा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई फीडरों की सप्लाई बंद रखनी पड़ रही है। रविवार दोपहर 12 बजे से जैसे ही पेड़ों को काटना शुरू किया गया सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की बिजली काट दी गई।
करीब छह घंटे बिजली गुल रही। इससे उपकेंद्र के टाउन प्रथम व द्वितीय से जुड़े सात हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। बिजली न आने से लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। उपखंड अधिकारी कुलदीप शिवहरे ने बताया कि बिजली लाइन के पास काम होने के कारण आपूर्ति बंद करनी पड़ती है। शाम को काम खत्म होने के उपरांत आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
पेड़ बन रहे लाइन के कार्य में बाधक
हरदोई। 132 केवीए मन्नापुरवा से 33 केवीए सांडी रोड तक बिजली लाइन बनाई गई है। इस लाइन का कार्य कुछ शेष रहा गया है। वहां पर पेड़ कार्य में बाधक बन रहे हैं। अधिशासी अभियंता की ओर से वन विभाग को इस संबंध में पत्र लिखा गया है मगर एक सप्ताह बाद भी पेड़ न कटने से कार्य अधर में लटका हुआ है। अधिशासी अभियंता प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि वन विभाग को अनुस्मरण पत्र लिखा जा रहा है।