हरदोई। बिजली की मांग बढ़ने से उपकेंद्र व ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं। इससे बिजली आपूर्ति में बाधा पड़ रही है। दो उपकेंद्र बंद रहने से कई क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित हुई। इससे उपभोक्ता परेशान हुए।
जिले में 57 विद्युत उपकेंद्र संचालित है। जिनसे 206 फीडर निकले हुए हैं। शहर के 12 उपकेंद्रों की आपूर्ति 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र मन्नापुरवा से की जाती है। रविवार की रात 11 बजे मांग बढ़ने पर 132 केवीए उपकेंद्र ओवरलोड हो गया। इससे वहां 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड और गुरगुज्जा की आपूर्ति बंदकर दी गई। इससे 16 हजार उपभोक्ताओं के यहां की बिजली गुल हो गई।
सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बाजपेई चौराहा पर ट्रांसफार्मर साढ़े 11 बजे जल गया। वह सोमवार की सुबह 11 बजे शुरू हो सकी। वहीं चौहान थोक में हिंदी पाठशाला के पास रखे ट्रांसफार्मर में तेल कम होने से आपूर्ति सोमवार की सुबह नौ बजे बंद हो गई थी, जो दोपहर एक बजे बहाल हो सकी। इसके अलावा सिटी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में ओवरलोड के कारण हर एक घंटा के बाद फीडर को बंद कर दिया गया। इससे उससे जुड़े 10 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए।
शहर से बेलाताली उपकेंद्र से जुड़े तीनों फीडर सोमवार की दोपहर डेढ़ घंटा तक बंद रहे। वहीं विद्युत उपकेंद्र चरौली से जुड़े आजाद नगर की आपूर्ति रविवार की शाम आठ से 10 बजे तक और सोमवार को दोपहर दो घंटे तक बाधित रही। इससे उपभोक्ता परेशान हुए।
अधिशासी अभियंता सूर्य कुमार ने बताया कि मांग बढ़ने के कारण समस्या आ रही है। उसको जल्द से जल्द निदान कराया जा रहा है।