हरदोई। अलग-अलग थाना और कोतवाली के साथ ही पुलिस लाइन में तैनात प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों के दो स्टार लगाने पर एसपी ने सख्त नाराजगी जाहिर की। प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को एक स्टार ही लगाने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में दो स्टार लगाए मिलने पर प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही है।
बीते रविवार की रात ही जनपद में पुलिस अधीक्षक का पद संभालने वाले नीरज कुमार जादौन तैनाती के बाद से ही लगातार थाना और कोतवालियों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान वह पुलिस कर्मियों से भी मिल रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एसपी पुलिस कर्मियों की वर्दी को लेकर भी काफी संजीदा नजर आ रहे हैं। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु उपनिरीक्षक वर्दी के साथ कंधे पर दो स्टार लगाए मिले हैं।
एसपी ने इस पर नाराजगी जताई है। साथ ही हिदायत दी कि प्रशिक्षु उपनिरीक्षक एक स्टार ही लगाएंगे। एसपी के इस आदेश का पालन कराने के लिए पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर में भी अलग-अलग स्थानों पर सूचना चस्पा करा दी है। सूचना में स्पष्ट लिखा है कि अगर कोई प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दो स्टार लगाए मिला तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।