हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र में आधार कार्ड में संशोधन कराने बाइक से जा रहे पिता-पुत्र को अनंगपुर मार्ग पर ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवार पिता सड़क की तरफ, जबकि पुत्र फुटपाथ की तरफ गिरा। इसी दौरान उधर से आए मौरंग-सीमेंट और सरिया लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने पिता को कुचल दिया। मौके पर ही उसी मौत हो गई।
पचदेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचदेवरा निवासी मिजाजी मिश्रा (45) खेती करते थे। मंगलवार को दिन में लगभग साढ़े 11 बजे वे पुत्र देवांग और दुर्गेश (15) के आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए बाइक से पाली जा रहे थे। अनंगपुर मार्ग पर दलेलपुर पुलिया के पास पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से सड़क पर गिरे मिजाजी को दूसरी तरफ से आई ट्रैक्टर-ट्राॅली ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्गेश की सूचना पर परिजन और राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मिजाजी के परिवार में पत्नी व दो बेटे हैं। प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।