हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के मढ़ापुरवा में सोमवार सुबह युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने मौत की वजह पूछे जाने पर चुप्पी साध ली।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नानकगंज के मजरा मढ़ापुरवा निवासी मोहम्मद शाकिर ट्रैक्टर मैकेनिक हैं। सीतापुर रोड पर बंजरबाबा के पास उनकी दुकान है। उनके साथ उनका पुत्र फैजान (18) भी काम करता था। शाकिर ने बताया कि उनकी पत्नी सायरा कछौना कोतवाली क्षेत्र के गौसगंज निवासी अपनी पुत्री सलमा के यहां गई थीं। सोमवार की सुबह उनका बड़ा पुत्र साजिद ऑटो चलाने के लिए चला गया था। वह खुद दुकान चले गए थे। घर में फैजान, उसकी भाभी, छोटी बहन और दादी थीं।
इस दौरान फैजान ने नाश्ता किया। फिर वह सभी के लिए केले लेकर आया। सभी को केले खिलाकर वह कमरे में चला गया। जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने कमरे की ओर जाकर देखा। कमरे के दरवाजे में अंदर से कुंडी लगी थी। परिजनों ने दरवाजे में जोर से धक्का दिया तो कुंडी खुल गई।
परिजनों को अंदर गमछे के फंदे से फैजान का शव लटकता मिला। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने जुटाए। परिजन मौत की वजह पर चुप्पी साधे रहे। मृतक दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। कोतवाल विनोद कुमार यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।