हरदोई। शंटिंग के दौरान सोमवार रात इंजन की चपेट में आकर हरदोई स्टेशन के ट्रैक नंबर तीन का कनेक्टिंग प्वाइंट क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण सिग्नल सिस्टम भी फेल हो गया। अप और डाउन रूट पर दस घंटे दर्जनों ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को खासी परेशानी हुई। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे मरम्मत के बाद ट्रेनों का संचालन सुचारु हो सका।
हरदोई स्टेशन पर रात 10.30 बजे खाली इंजन की शंटिंग के दौरान डाउन लाइन के ट्रैक तीन का कनेक्टिंग प्वाइंट (ट्रेन को एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक से जोड़ने वाली लाइन और उससे जुड़ी सिग्नल वायर और मोटर) क्षतिग्रस्त हो गया। इससे रेलवे के अफसरों में हड़कंप मच गया। रेल पथ व सिग्नल विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डेढ़ घंटे बाद प्वाइंट, सिग्नल की अस्थायी रूप से मरम्मत कर अप और डाउन रूट पर आईं ट्रेनों को कॉसन देकर रवाना किया गया। मंगलवार सुबह 8.30 बजे सिग्नल प्वाइंट की मरम्मत की जा सकी। टेस्टिंग के बाद अप और डाउन, दोनों ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू कराया गया। स्टेशन अधीक्षक राजीव आर्य ने बताया कि सिग्नल प्वाइंट क्षतिग्रस्त होने से समस्या हुई थी। इसे ठीक करा दिया गया है।
ये ट्रेनें रहीं लेट
13119 सियालदाह आनंद विहार एक्सप्रेस 6 घंटे 55 मिनट
14257 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 2 घंटे 37 मिनट
12229 दिल्ली मेल 2 घंटे 30 मिनट
12231 चंडीगढ़ एक्सप्रेस 3 घंटे 53 मिनट
14511 नौचंदी एक्सप्रेस 3 घंटा 36 मिनट
15011 लखनऊ सहारनपुर चंडीगढ़ एक्सप्रेस 4 घंटे 3 मिनट
13019 बाघ एक्सप्रेस 7 घंटे 10 मिनट की देरी से हरदोई स्टेशन पहुंची।
इसके साथ ही अन्य कई ट्रेनों को भी रास्ते में रोका गया।