- मोबाइल और इलेक्ट्रानिक उपकरण मरम्मत व रेस्टोरेंट व्यवसाय में दिखाई रुचि
- बिना गारंटी के लिए उद्यम स्थापना और सेवा क्षेत्र के लिए बैंक से मिलता ऋण
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 24 जनवरी को लांच की गई मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में मोबाइल और इलेक्ट्रानिक उपकरण की मरम्मत, रेस्टोरेंट और ब्यूटीशियन के व्यवसाय में युवाओं ने रुचि दिखाई है।
युवाओं की रुचि, विभाग और बैंक के समन्वय से कम समय में ही जिले में आवेदन से लेकर स्वीकृति तक बढ़त बनाई। मंडल में अव्वल और प्रदेश में टॉप फाइव में शामिल है।
सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में उद्यम स्थापना और सेवा क्षेत्र के विकास के लिए युवाओं को बिना गारंटी के ही पांच लाख रुपये तक ऋण दिए जाने की सुविधा दी गई है। उद्योग विभाग के माध्यम से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था है।
शासन ने 1,000 युवाओं को लाभान्वित किए जाने का लक्ष्य दिया है। उद्योग उपायुक्त हर्ष प्रताप सिंह ने बताया कि 1,308 आवेदन मिल चुके हैं। बैंकर्स से समन्वय व सहयोग से 228 आवेदन पर स्वीकृति और 75 लाभार्थियों को ऋण दिलाया जा चुका है। बैंक को परीक्षण के बाद आवेदन भी भेजे जा रहे हैं।
सीजीटीएमएसई ने दी है ऋण की गारंटी
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में युवाओं को उद्यम स्थापना और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए पांच लाख रुपये तक ऋण दिए जाने की सुविधा दी गई है। उद्योग उपायुक्त हर्ष प्रताप सिंह ने बताया कि लाभार्थी को ऋण के लिए गारंटी नहीं देनी होती है, जबकि सरकार ने सीजीटीएमएसई (क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फाॅर माइक्रो एंड स्माल इंडस्ट्रीज) से गारंटी दी है। अभियान में चार साल की सीमा तक के लिए ऋण दिया गया है। समय से अदायगी किए जाने पर दूसरी बार में 7,50,000 रुपये का ऋण दिए जाने की सुविधा दी गई है।