हरदोई। लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए बूथों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। बूथों पर पानी, छाया, रैंप, रास्ता, प्रकाश और मार्ग को ठीक करा लिया जाए।
बावन बीडीओ डॉ. रामप्रकाश ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र हरदोई के मतदान केंद्र काशीपुर का निरीक्षण किया। यहां पर ग्रामीणों को मतदाता शपथ दिलाई। हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में शामिल लोगों ने मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। बताया कि काशीपुर मतदान केंद्र के साथ ही बेहटा सधई, बेहटी, मझरेहटा, सकतपुर, बरखेरा, नयागांव, अल्लीपुर, खुमारीपुर के सभी बूथों का निरीक्षण किया। बूथों पर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। पंचायत सचिवों और सफाई कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वह 12 मई को पोलिंग पार्टी के आने से पहले साफ-सफाई करेंगे। 13 मई को सुबह मतदान शुरु होने से पहले मतदान केंद्र, रास्ता आदि की साफ-सफाई करेंगे। पंचायत सचिवों को आदर्श बूथ बनाने के निर्देश दिए गए हैं।