हरदोई। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक की हसनापुर में ग्रामीण चौपाल में आवास दिलाने के नाम पर रुपये लेने का मामला सामने आया। पीडी के निर्देश पर लाभार्थी की ओर से सांडी थाना में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही निस्तारित किए जाने के उद्देश्य से ग्राम्य विकास विभाग की ओर से ग्रामीण चौपाल कार्यक्रम चल रहा है। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक (डीआरडीए पीडी) गजेंद्र कुमार तिवारी ने विकास खंड सांडी के ग्राम हसनापुर में ग्रामीण चौपाल में समस्याओं को सुना।
विकास व निर्माण का स्थलीय सत्यापन किया। सत्यापन में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की लाभार्थी लता पत्नी जयपाल ने जानकारी दी कि आवास दिलाने के नाम पर प्रथम किस्त के 40 हजार में से बैंक से रुपये निकालते समय गांव के ही अजय ने 10 हजार रुपये ले लिए हैं।
पीडी ने नाराजगी जाहिर की। सांडी बीडीओ को ऐसे प्रकरणों की जांच करते हुए एफआईआर कराने के निर्देश दिए। हसनापुर निवासी आवास की लाभार्थी लता पत्नी जयपाल ने रुपये लेने के आरोपी अजय के विरुद्ध सांडी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रकरण की जांच उप निरीक्षक अनिल कुमार पंकज ने शुरू कर दी है, बताया कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।