नगर के मोहल्ला बाजीगंज मैदान पर कराए गए निर्माण पर रविवार की सुबह जमीन को लेकर विवादित पोस्टर चिपकाने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। घटना में लाठी-डंडे चले और आक्रोशित लोगों ने मैदान की चाहरदीवारी गिराकर झोपड़ी में आग लगा दी। इस घटना में एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। दोनों को स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जानकारी पर पहुंचे एएसपी समेत अफसरों ने मौके पर जांच पड़ताल की। तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई। उधर, पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
नगर के मोहल्ला बाजीगंज निवासी ताहिर सिद्दीकी पुत्र मो. यासीन ने बताया कि उसके प्लाट के पास जयनारायन मिश्रा की ट्रस्ट की जमीन है। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने इस जमीन को मेराज पुत्र साबिर हुसैन निवासी कस्बा बावन थाना लोनार को रैय्यतनामा के आधार पर दिया है। ट्रस्ट जमीन के पास ही विमला देवी पत्नी रवींद्र निवासी काजीपुर की भी है। तीनों प्लाट आपस में मिले है। जिसके चलते तीनों लोगों ने मिलकर उस जमीन पर चाहरदीवारी कराके एक कोठरी बनाकर चौकीदार को रख दिया था।
आरोप है कि नगर निवासी फकरूद्दीन पुत्र खलील, नफीस पुत्र महबूब अली, नसीम पुत्र नफीस, मो. हारून पुत्र हाजी महबूूब, पूर्व सभासद नंद किशोर गुप्ता पुत्र मुन्नू लाल, विपिन पुत्र बाबू, ओम जी गुप्ता निवासी बाजीगंज, अरुण पुत्र राम नारायन निवासी भगवंत नगर जमीन को लेकर विवादित पंपलेट छपवाकर आसपास के घरों में चस्पा कर रहे थे। जानकारी मिलने पर ताहिर सिद्दीकी ने आपत्ति जताई तो उन लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर उन लोगों ने ताहिर व चौकीदार आरिफ पुत्र हनीफ पर हमला बोल दिया। घटना की जानकारी पर हमलावरों की ओर से काफी लोग मौके पर आ गए।
यह देख ताहिर और चौकीदार प्लाट में बनी झोपड़ी में घुस गए। जिस पर हमलावरों ने लाठी डंडो से हमला कर बाहर खडी बाइक को क्षतिग्रस्त कर चाहरदीवारी गिरा दी। इसी बीच कुछ लोगों ने झोपडी में आग लगा दी। इस घटना में ताहिर और चौकीदार दोनों घायल हो गए। सूचना पर कोतवाल अशोक तिवारी दलवल के साथ पहुंचे। तबतक हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे, एलआईयू प्रभारी हारुन रशीद मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
घटना से तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी। ताहिर की तहरीर पर पुलिस ने फरीरूद्दीन, नसीम, नफीस, हारून, पूर्व सभासद नंद किशोर गुप्ता, विपुल, ओम जी, अरुण कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ओम जी गुप्ता, हारुन व अरुण को हिरासत में ले लिया। उधर, घटना को लेकर दूसरे पक्ष का कहना है कि प्लाट के निकट से महबूब अली(70) जा रहे थे। ताहिर व अन्य लोगों ने रोकर कर गाली गलौज करने लगे और मारपीट की। इससे नगर के लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर जाकर निर्माण कार्य गिरा दिया। कोतवाल अशोक तिवारी ने बताया कि एक पक्ष से तहरीर मिली है। उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है अभी दूसरे पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है।