हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र में बेटे के सामने पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी पति को गिरफ्तार करने के लिए एसपी राजेश द्विवेदी ने तीन टीमें गठित की हैं। वारदात के 24 घंटे से अधिक होने के बाद भी आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर है।
थाना क्षेत्र के सहिजना निवासी रामसेवक रविवार को शाम पत्नी प्रीती को लखनऊ के त्रिवेणी नगर स्थित मायके से लेकर गांव के लिए निकला था। उसके साथ सात वर्षीय बेटा अंशू भी था।
रात में रामसेवक अपने घर सिर्फ बेटे को लेकर पहुंचा था और सोमवार को सुबह प्रीती का शव गांव के बाहर मजार में खून से लथपथ मिला था। घटना के बाद से रामसेवक फरार था।
मौके पर पहुंचे एसपी व अन्य पुलिस अफसरों को अंशू ने उसी के सामने पिता द्वारा मां की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की बात कही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने तीन टीमें गठित की है।
इसमें एक टीम में थाना प्रभारी छोटेलाल, दूसरी दरोगा मनोज यादव और तीसरी टीम बृजेश द्विवेदी के नेतृत्व में गठित की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।